पमरे में अधिकारियों के नाम पर वीआईपी कोटा का खेल बेनकाब,लंबे समय से चल रहा था टिकट कन्फर्म कराने का खेल
अधिकारियों के नाम पर हो रही थी टिकट कन्फर्मेशन, दोषियों पर जल्द गिर सकती है गाज

जबलपुर यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में लंबे समय से चल रहे वीआईपी कोटा से टिकट कन्फर्म कराने वाले बाबू के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया। और इस दुरुपयोग के मामले का आखिरकार खुलासा हो गया है। अधिकारियों के नाम पर फर्जी तरीके से टिकट कन्फर्म कराने के इस खेल पर अब बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यवस्था को सस्पेंड कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि रेलवे में वीआईपी कोटा हमेशा से खास परिस्थितियों में यात्रियों की सुविधा के लिए रखा गया है, लेकिन पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में यही सुविधा अब ‘खेल’ बन गई थी।
सूत्रों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर नियमों के विरुद्ध टिकट कन्फर्म कराए जा रहे थे। यह सिलसिला लंबे समय से जारी था, जिससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।मामले की शिकायतें लगातार सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और आंतरिक जांच शुरू की गई। जांच में गड़बड़ियों की पुष्टि होने पर तत्काल प्रभाव से संबंधित वीआईपी कोटा सिस्टम को सस्पेंड कर दिया गया है।
वहीं इस संबंध में रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें शामिल कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं को रोकने के लिए नई निगरानी व्यवस्था लागू करने की बात भी कही जा रही है।इस कार्रवाई के बाद रेलवे में हड़कंप मच गया है और अन्य जोनों में भी वीआईपी कोटा के इस्तेमाल की समीक्षा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।







