भोपालमध्य प्रदेश

3 दिनों में बदले जाएंगे 162 ट्रांसफार्मर, ट्रिपिंग और फॉल्ट से मिलेगी राहत

3 दिनों में बदले जाएंगे 162 ट्रांसफार्मर, ट्रिपिंग और फॉल्ट से मिलेगी राहत

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में बिजली की आंख-मिचौली और ट्रिपिंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने युद्ध स्तर पर महाअभियान की शुरुआत कर दी है। कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग के सख्त निर्देशों के बाद मैदानी अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खराब और पुराने ट्रांसफार्मरों को बदलने के साथ-साथ लोड बैलेंसिंग करके उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

अवकाश के दिन भी डटे रहे कर्मचारी
कंपनी के लिए 1 मई का सार्वजनिक अवकाश भी रुकावट नहीं बना। इस दिन भी क्षेत्रीय भंडार (स्टोर) को विशेष रूप से खुला रखा गया और मैदानी कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए काम किया। पहले ही दिन शहर के विभिन्न जोनों में 35 ट्रांसफार्मर रिकंडीशनिंग के लिए बदले गए, जबकि 24 ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

अगले 3 दिनों का मेगा एक्शन प्लान
बिजली कंपनी ने राजधानी की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भोपाल शहर वृत्त के सभी 27 जोनों को टारगेट किया है। आगामी तीन दिनों के भीतर जो बड़े लक्ष्य हासिल किए जाने हैं, वे इस प्रकार हैं:
162 ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे: शहर वृत्त में कुल 162 पुराने और खराब ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर बदला जा रहा है।
648 ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग: ओवरलोडिंग की समस्या से निपटने के लिए 648 चयनित ट्रांसफार्मरों का लोड संतुलित किया जाएगा।

एक सप्ताह में पूरा होगा अभियान
प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में इस अभियान को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उपभोक्ताओं को गर्मी के दिनों में बिजली के बढ़ते भार के कारण होने वाली असुविधा से बचाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदानी स्तर पर इस पूरे कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

आमजन को मिलेगी राहत
कंपनी का मानना है कि इस तकनीकी सुधार और लोड बैलेंसिंग से गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने पर होने वाली ओवरलोडिंग की समस्या से निपटा जा सकेगा। इस पहल के पूरा होने के बाद भोपालवासियों को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और स्थानीय फॉल्ट से बड़ी राहत मिलेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button