भोपालमध्य प्रदेश

पिता ने कुल्हाड़ी मारकर की बेटे की हत्या

पिता ने कुल्हाड़ी मारकर की बेटे की हत्या

भोपाल, यशभारत। राजधानी के देहात क्षेत्र अंतर्गत नजीराबाद थाना इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली घरेलू विवाद में एक पिता ने अपने ही कलेजे के टुकड़े पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बहरावल में रहने वाले 77 वर्षीय गंगाराम विश्वकर्मा का अपने बेटे के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि बुजुर्ग पिता ने तैश में आकर पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और अंततः डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नजीराबाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी गंगाराम विश्वकर्मा को उसके गांव बहरावल से ही धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
नजीराबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के सटीक कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button