भोपालमध्य प्रदेश

पति की प्रताड़ना से तंग आकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

पति की प्रताड़ना से तंग आकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

भोपाल, यशभारत। राजधानी के मिसरोद थाना अंतर्गत कजलीखेड़ा इलाके में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 48 वर्षीय ओमवती मीणा के रूप में हुई है, जिनका शव शुक्रवार शाम थुआखेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में फंदे से लटका मिला। पुलिस को शव के पास से दो पन्नों का भावुक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए पति राजेश मीणा को जिम्मेदार ठहराया है।

सुसाइड नोट में लिखा: मेरे नाम पर कार ली और किस्तें मुझे भरनी पड़ीं
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मृतका ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ओमवती ने लिखा कि उनका पति राजेश उन्हें लंबे समय से मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली थी और उनके साथ कोई रिश्ता नहीं रखता था। हद तो तब हो गई जब आरोपी पति ने ओमवती के नाम पर कार फाइनेंस करा ली, जिसकी किस्तें मृतका के खाते से कटती थीं, लेकिन कार का उपयोग पति और उसकी दूसरी पत्नी कर रहे थे।

बेटे-बहू को हक दिलाने की अंतिम इच्छा
ओमवती करीब 30 साल से अपने पति से अलग रह रही थीं। उन्होंने अकेले दम पर नौकरी हासिल की और अपने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी व्यथा लिखते हुए कहा कि पति आए दिन गाली-गलौज और बदतमीजी करता था, जिससे तंग आकर वह यह कदम उठा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके पति को सख्त से सख्त सजा दी जाए और उनके बेटे-बहू को उनका कानूनी हक दिलाया जाए।

सहकर्मी ने देखा फंदे पर लटका शव
शुक्रवार शाम जब आंगनबाड़ी की अन्य महिला कर्मचारी बच्चों को छोड़कर वापस लौटीं, तो उन्होंने ओमवती का शव पंखे से लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। शनिवार को पुलिस ने हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस की कार्रवाई
मिसरोद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 306) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। डायरी को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button