भोपालमध्य प्रदेश

गेहूं खरीदी, महंगाई और जबलपुर हादसे पर सरकार पर बरसे जीतू पटवारी, चक्का जाम का ऐलान

गेहूं खरीदी, महंगाई और जबलपुर हादसे पर सरकार पर बरसे जीतू पटवारी,  चक्का जाम का ऐलान

भोपाल यश‌ भारत । गेहूं खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखा पलटवार करते हुए प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी व्यवस्था में भारी लापरवाही और प्रशासनिक अराजकता देखने को मिली है जिसके कारण किसानों को मजबूरी में कम दामों पर अपनी उपज बेचनी पड़ी। जीतू पटवारी ने कहा कि स्लॉट बुकिंग व्यवस्था पूरी तरह विफल रही और कई खरीदी केंद्रों पर तुलाई में अनियमितताओं के वीडियो सामने आ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जिन किसानों ने ओपन मंडी में कम कीमत पर गेहूं बेचा है उन्हें सरकार भावांतर राशि दे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने किसानों से 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदी का वादा किया था लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी गारंटी पूरी करने का समय निकल चुका है और अब जनता जवाब मांग रही है। पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि घड़ी अब उल्टी चलने लगी है और सरकार के जाने का समय शुरू हो गया है। उन्होंने घोषणा की है कि बड़वानी से मुरैना तक प्रदेशभर में कांग्रेस किसानों के समर्थन में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल डेमो होगा इसके बाद पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जबलपुर हादसे पर भी जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह सरकार अली बाबा और चालीस चोरों की सरकार है। पटवारी ने सवाल उठाया कि क्रूज हादसे में हुई मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि यदि एनजीटी के प्रतिबंध की जानकारी पर्यटन मंत्री तक को नहीं है, तो यह सरकार की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री केवल लूट में व्यस्त हैं।

कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दामों पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बहुत हुई महंगाई की मार का नारा दिया था, लेकिन आज कमर्शियल सिलेंडर 3100 रुपए तक पहुंच गया है। इसके चलते होटल और रेस्टोरेंट में खाना महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में महंगाई तथा बेरोजगारी भयावह स्थिति में पहुंच चुकी है। वहीं दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर जीतू पटवारी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप्पी साधे रखी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button