मजदूर दिवस पर कर्मचारी मंच ने उठाई लंबित मांगों की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मजदूर दिवस पर कर्मचारी मंच ने उठाई लंबित मांगों की आवाज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
भोपाल यश भारत। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के स्थाई कर्मियों, अस्थाई कर्मचारियों, वन सुरक्षा श्रमिकों, दैनिक वेतनभोगी एवं अंशकालीन कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। संगठन ने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेने की अपील की। मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने कहा कि कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कर्मचारियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी वर्षों से नियमितीकरण, वेतनमान, वेतन वृद्धि और पेंशन जैसी मूलभूत मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारी मंच ने प्रशासनिक उदासीनता और नौकरशाही रवैये पर भी सवाल उठाए। संगठन का आरोप है कि कर्मचारियों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है और समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी की जा रही है। मंच ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।







