पिपलानी में बेखौफ बाइक सवार लुटेरों का आतंक, दो अलग-अलग इलाकों में मोबाइल लूटकर हुए फरार

पिपलानी में बेखौफ बाइक सवार लुटेरों का आतंक, दो अलग-अलग इलाकों में मोबाइल लूटकर हुए फरार
भोपाल, यश भारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों को ठेंगा दिखाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बाइक सवार लुटेरे राहगीरों से मोबाइल झपटकर बड़ी आसानी से फरार हो गए।
पहली घटना: काम पर जा रहे युवक को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, सुनील साहू (29) निवासी पिपलानी अपने काम पर जा रहे थे। जब वह लेबर कॉलोनी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। सुनील जब तक संभल पाते, आरोपी तेज रफ्तार बाइक से ओझल हो चुके थे।
दूसरी घटना: घर के पास से छीना मोबाइल
लूट की दूसरी वारदात पिपलानी के ही भरत नगर में घटित हुई। यहाँ शशांक शर्मा अपने घर के पास से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल लूटा और भाग निकले। एक ही थाना क्षेत्र में हुई इन सिलसिलेवार घटनाओं से स्थानीय रहवासियों में काफी डर का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
क्षेत्र में आए दिन हो रही इन वारदातों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिपलानी पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







