जल ही जीवन है : उम्मीद जगाने वाली खबर, चंद्रागढ में महज 4 महिने में पहुंचा पानी, कलेक्टर के दौरे के बाद बदली तस्वीर

डिंडोरी l जहां आज़ादी के करीब 70 साल बाद एक वन ग्राम में हर घर तक पानी पहुंचा है। जल जीवन मिशन की मदद से अब पहाड़ों में बसे चंद्रागढ़ गांव के लोगों को पानी के लिए मीलों भटकना नहीं पड़ेगा।
ये तस्वीरें हैं डिंडोरी जिले के वन ग्राम चंद्रागढ़ की, जहां कभी पानी के लिए रोज़ाना कई किलोमीटर पैदल चलना लोगों की मजबूरी थी, बैगा जनजाति के लोग पहाड़ उतरकर दूर एक झिरिया से पानी लाते थे, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी हैं।
करीब चार महीने पहले आयोजित जन समस्या निवारण चौपाल में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया को इस समस्या की जानकारी मिली जिसके बाद पीएचई विभाग को तत्काल पेयजल योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, और फिर प्रशासन की तत्परता और विभागीय समन्वय से महज चार महीनों में गांव के हर घर तक नल से जल पहुंचा दिया गया। जल जीवन मिशन के तहत हुए इस काम ने न सिर्फ लोगों की प्यास बुझाई है। बल्कि उनके जीवन स्तर को भी बेहतर बनाया है। अब गांव में पानी के साथ-साथ खुशियां भी बह रही है।
डिंडोरी का ये वन ग्राम अब एक मिसाल बन चुका है। जहां प्रशासन की संवेदनशीलता और योजनाओं के सही क्रियान्वयन से दूरदराज के इलाकों तक भी विकास पहुंच रहा है। इन तस्वीरों को देख कर वाकइ कहा जा सकता है अगर इरादे मजबूत हों तो विकास की राह कितनी भी कठिन क्यों न हो मंजिल मिल ही जाती है।







