खनिज विभाग को नहीं मालूम, कौन करवा रहा अवैध खनन, पोकलीन मशीन जब्त करने के बाद गाड़ी मालिक का भी पता नहीं, दो साल से बंद पड़ी खदानों में लाइम स्टोन के अवैध खनन का मामला

कटनी, यशभारत। कैमोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खिरवा नंबर दो में पिछले दो सालों से बंद पड़ी खदानों में अवैध रूप से लाइम स्टोन का खनन किया जा रहा था और जिले के खनिज विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं थी। मामला सामने आने के बाद भी खनिज विभाग के अधिकारी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि यह अवैध खनन किसके इशारे पर किया जा रहा था और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल है। इस पूरे मामले में खनिज विभाग के एक अधिकारी की भूिमका संदिग्ध बताई जा रही है, जिसे न केवल अवैध खनन की जानकारी थी, बल्कि कार्रवाई रूकवाने के लिए उसने एड़ी चोटी का जोर लगाया, लेकिन मामला मीडिया की सुर्खियां बना तो मजबूरी में खनिज विभाग को मौके पर जाकर कार्रवाई करना पड़ा। खनिज विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो केवल पोकलीन मशीन मिली। जिसे जब्त करते हुए कैमोर थाने में खड़ा करवाया गया है। खास बात यह है कि पोकलीन मशीन में नंबर नहीं है। जिससे यह पता नहीं चल पा रहा है कि यह गाड़ी किसकी है। खनिज विभाग के निरीक्षक पवन कुशवाहा से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि प्रकरण दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जो भी लोग इस अवैध खनन में शामिल होंगे। उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। श्री कुशवाहा ने कहा कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इस अवैध खनन में कौन लोग शामिल हैं।







