पुलिस कमिश्नर ने सुनीं जनता की समस्याएं, नशेड़ियों और गुंडों पर नकेल कसने के दिए निर्देश

पुलिस कमिश्नर ने सुनीं जनता की समस्याएं, नशेड़ियों और गुंडों पर नकेल कसने के दिए निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशांतपुरा थाना क्षेत्र स्थित नीलकंठ कॉलोनी और विश्वकर्मा नगर में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने बेखौफ होकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और बढ़ते अपराधों की जानकारी दी।
नशेड़ी और असामाजिक तत्व निशाने पर
संवाद के दौरान नागरिकों ने पुलिस को बताया कि शिव मंदिर तिराहे पर रात होते ही असामाजिक तत्वों का डेरा जम जाता है। साथ ही, गांजा पीने वाले गिरोहों द्वारा लूटपाट और घरों में चोरी की बढ़ती वारदातों ने क्षेत्र में डर का माहौल बना दिया है। लोगों ने लाल बसों में आवारा बदमाशों की मौजूदगी और पुलिस गश्त में कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
गोपनीय रहेगा सूचना देने वालों का नाम
जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीपी संजय कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। सीपी ने अपील की कि नागरिक निडर होकर अपराध की जानकारी दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
नियमों की शपथ और साइबर सुरक्षा के टिप्स
सुरक्षा चर्चा के साथ ही पुलिस ने नागरिकों को ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलाई और उन्हें साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए। सीपी ने जोर दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत डायल 112 पर कॉल करें ताकि पुलिस समय पर मौके पर पहुँच सके।







