जबलपुर

घर में काम करने वाली महिला से मारपीट, गली में घसीटते हुए ले जाने का वीडियो वायरल

जबलपुर। शहर के आधारताल थाना क्षेत्र में महिला के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। पीड़िता, जो आरोपी के घर काम करती थी, ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला को गली में घसीटते हुए ले जाया जा रहा है।

घर में काम करने के दौरान शुरू हुआ विवाद-पीड़िता के अनुसार, वह आरोपी के घर घरेलू काम करती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने प्रभाव में लेकर बैंक से पैसे निकलवाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि उसे धमकाकर कई बार बैंक ले जाया गया और उसके खाते से रकम निकलवाकर आरोपी अपने पास रखता रहा।

6 लाख 30 हजार रुपये हड़पने का आरोप-शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी ने इस तरह उससे करीब 6 लाख 30 हजार रुपये निकलवा लिए। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

गली में घसीटकर बेरहमी से पीटा-महिला का आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी ने उसे पकड़कर गली में घसीटते हुए ले जाया और जमकर मारपीट की। इस दौरान गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

बच्चों को भी दी जान से मारने की धमकी-पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देता था, जिसके डर से वह लंबे समय तक चुप रही।

पुलिस ने शुरू की जांच-आधारताल थाना पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई की मांग तेज-घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button