भोपालमध्य प्रदेश

गोविंदपुरा में लकड़ी फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड; 100 टैंकर पानी बहा, करोड़ों का माल खाक

गोविंदपुरा में लकड़ी फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड; 100 टैंकर पानी बहा, करोड़ों का माल खाक

केमिकल ने भड़काई चिंगारी, जेसीबी से दीवारें ढहाकर 9 घंटे में जीती आग से जंग

भोपाल, यशभारत। राजधानी के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात शुभम एंटरप्राइजेस नामक प्लाईवुड फैक्ट्री आग के शोलों में तब्दील हो गई। फैक्ट्री में टनों भारी लकड़ी, तैयार दरवाजे, ब्लैकबोर्ड और भारी मात्रा में रखे थिनर-केमिकल के कारण आग ने ऐसा विकराल रूप लिया कि आसमान में धुएं का गुबार छा गया। शहर के लगभग सभी फायर स्टेशनों से दौड़ी दमकलों और 50 से ज्यादा जांबाज फायर फाइटर्स ने करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत और 100 टैंकर पानी झोंकने के बाद शनिवार सुबह 9 बजे आग पर काबू पाया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट से भड़की इस आग में करोड़ों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है।

पानी बेअसर हुआ तो बुलडोजर से तोड़ी दीवारें
फैक्ट्री के भीतर रखे थिनर और केमिकल ने दमकलकर्मियों की चुनौती को कई गुना बढ़ा दिया था। केमिकल पर पानी पड़ते ही आग बुझने के बजाय और तेजी से भड़क रही थी। हालात बेकाबू होते देख फायर अमले ने रणनीति बदली और दो जेसीबी मशीनों को मोर्चे पर उतारा। जेसीबी से फैक्ट्री की बिल्डिंग के पक्के स्ट्रक्चर और दीवारों को ढहाया गया। इसके बाद मलबे और लकड़ियों के ढेरों को अलग-अलग कर सीधे अंदर तक पानी की बौछारें मारी गईं। दोपहर तक फैक्ट्री के भीतर आग सुलगती रही, जिसके चलते एहतियातन दमकल की गाड़ियां मौके पर ही तैनात रहीं।

दहशत में रहे पड़ोसी, मुस्तैदी से टला बड़ा औद्योगिक हादसा
जिस शुभम एंटरप्राइजेस में आग लगी, उसके बिल्कुल पास सटकर 3-4 अन्य फैक्ट्रियां भी थीं। हवा के साथ उठती लपटों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और आस-पास के फैक्ट्री संचालक रातभर दहशत में रहे। नगर निगम के फायर प्रभारी सौरभ पटेल, पंकज यादव और विजय त्रिपाठी की अगुवाई में टीम ने सूझबूझ दिखाई। टीम ने जलती हुई फैक्ट्री और पड़ोसी फैक्ट्रियों के कनेक्टिंग पॉइंट पर लगातार पानी की दीवार खड़ी रखी। इस घेराबंदी के कारण आग दूसरी फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में नहीं ले सकी और एक बहुत बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें नुकसान के सही आंकड़े और सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button