अचानक आदिवासी बालिका छात्रावास पहुंची कलेक्टर : लापरवाही पर अधीक्षिकाओं को नोटिस जारी, व्यववस्थाओं में सुधार के निर्देश

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कलेक्टर नेहा मीना ने सोमवार को आदिवासी बालिका छात्रावास भैरोगंज का अचानक औचक निरीक्षण किया। जहां छात्रावास की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, भोजन एवं अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लेकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नेहा मीना ने भोजन की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए वाटर कूलर की तत्काल मरम्मत कराने तथा मच्छरों से बचाव के लिए खिड़कियों में नई जालियां लगाने के निर्देश भी दिए। साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर देते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
छात्रावास में अधीक्षिका की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अनुशासन और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पाई गई व्यवस्थागत कमियों एवं लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधीक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित करने कहा, ताकि किसी भी स्वास्थ्य समस्या का समय पर निराकरण हो सके। संवाद के दौरान उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभी से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही उन्होंने छात्रावास में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें एवं प्रतिदिन समाचार पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे छात्राओं का सामान्य ज्ञान बढ़े। खेलकूद गतिविधियों एवं शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन पर भी बल देते हुए उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त लालजी मीणा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







