उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटे बढ़ाकर 6 किए, गेहूं खरीदी में तेजी

उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटे बढ़ाकर 6 किए, गेहूं खरीदी में तेजी
भोपाल यश भारत। प्रदेश में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े इसके लिए उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या चार से बढ़ाकर छह कर दी गई है। इस फैसले से केंद्रों पर तुलाई की प्रक्रिया तेज होगी और किसानों को समय पर अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। मंत्री ने जानकारी दी कि न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी पर अब तक 1 लाख 36 हजार 237 किसानों से 59 लाख 48 हजार 980 से ज्यादा क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों के बैंक खातों में 575 करोड़ 86 लाख रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गति आई है। उन्होंने बताया कि खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए स्लॉट बुकिंग प्रणाली लागू की गई है। अब तक 4 लाख 62 हजार 19 किसानों द्वारा 1 करोड़ 97 लाख 29 हजार 339 क्विंटल गेहूं बेचने के लिए स्लॉट बुक किए जा चुके हैं। प्रदेशभर में कुल 3171 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां कार्यालयीन दिनों में नियमित रूप से खरीदी की जा रही है। राजपूत ने यह भी स्पष्ट किया कि सेटलाइट ई मेल मिलान में जिन खसरों का सत्यापन नहीं हो पाया है उन्हें छोड़कर संबंधित किसानों को उनके अन्य खसरों पर गेहूं विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी जा रही है, ताकि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो। सरकार के इस निर्णय से जहां खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आएगी वहीं किसानों को भी अपनी उपज बेचने में राहत मिलेगी।







