भोपालमध्य प्रदेश

एमपी आबकारी विभाग ने लक्ष्य से अधिक 20,481 करोड़ का राजस्व जुटाया

एमपी आबकारी विभाग ने लक्ष्य से अधिक 20,481 करोड़ का राजस्व जुटाया

​भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश आबकारी विभाग ने तमाम चुनौतियों और गतिरोधों के बावजूद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। विभाग ने प्रदेश की सभी 3553 शराब दुकानों का शत-प्रतिशत निष्पादन करते हुए सरकार के खजाने में रिकॉर्ड राजस्व जमा करने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। वित्त विभाग ने इस वर्ष के लिए 20,279 करोड़ रुपये का लक्ष्य तय किया था, जिसे पार करते हुए आबकारी विभाग ने कुल 20,481.80 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का अनुमान लगाया है।

​इस सफलता को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पूरा वित्तीय वर्ष व्यापारियों की खींचतान और प्रदेश में बीयर की भारी किल्लत जैसे संकटों से घिरा रहा। इन विपरीत परिस्थितियों के बीच आबकारी कमिश्नर दीपक सक्सेना की कार्यप्रणाली और उनके सटीक प्रशासनिक निर्णय गेम-चेंजर साबित हुए। राजस्व को अधिकतम स्तर पर बनाए रखने के लिए कमिश्नर ने न केवल रणनीतिक बदलाव किए, बल्कि जरूरत पड़ने पर व्यवहारिक यू-टर्न लेकर भी विभाग के हितों की रक्षा की।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष शराब दुकानों के निष्पादन से 18,676.80 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 12.33 प्रतिशत अधिक है। इसके अतिरिक्त, अन्य स्रोतों से भी लगभग 1,775 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है, जो दुकानों से प्राप्त कुल राजस्व का लगभग 9.5 प्रतिशत हिस्सा है।

​अधिकारियों का कहना है कि ई-टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता और समयबद्ध प्रशासनिक निर्णयों की वजह से ही सभी दुकानों का निपटारा संभव हो सका है। इस उपलब्धि से राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति को बड़ी मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button