कटनी

बरही के राधे कालोनी में दिनदहाड़े चोरी, दरवाजा का ताला तोडक़र घर में घुसे चोर, सोने-चांदी के कीमती जेवरात पार, सुकन्या योजना का खाता खुलवाने गया था रघुवंशी परिवार

बरही/कटनी, यशभारत। आप सावधान हो जाइए, अज्ञात चोर आपके घरों की निगरानी कर रहे है, सूना घर पाते ही दिनदहाड़े घर में घुसकर बेखौफ चोरी की वारदात कर रहे है। जी हां ताजा मामला कटनी जिले के बरही नगर के अमरपुर मार्ग स्थित राधे कालोनी का है। सोमवार की दोपहर यहां रहने वाला रघुवंशी परिवार दोपहर में सुकन्या योजना का खाता खुलवाने डाकघर गया हुआ था, तभी अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोडक़र आलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती गहने पार कर दिए। घटना दोपहर 12 बजे से 1 बजे के मध्य बताई गई है। पीडि़त परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पतासाजी में जुट गई है। चोरी की यह घटना राधे कालोनी निवासी धर्मेद्र सिंह के मकान में हुई है। पीडि़त धर्मेद्र सिंह के पुत्र सुधीर उर्फ वीरू ने बताया कि सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठी, मनचली, वेदी सहित चांदी की करधन, 6 जोड़ी पायल, बोरा गसी पायल सहित अन्य सामग्री पार हुई है।
गुरुधाम कालोनी में इसी तरह हुई थी चोरी, फेरी वाले निकले थे चोर
9 माह पूर्व चोरी की इसी तरह की वारदात बरही के मैहर मार्ग स्थित गुरुधाम कालोनी में चतुर्वेदी परिवार के सूने मकान में हुई थी। दोपहर को प्रभात चतुर्वेदी परिवार तेरहवीं संस्कार में शामिल होने ग्राम टिकुरी चला गया थाए तभी अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोडक़र जेवरात और नगदी पार किया था, हीरे की अंगूठी भी चोर ले गए थे।चोरी की इस वारदात के आरोपी फेरीवाले निकले थे, जिनका वास्ता उत्तरप्रदेश से था और वे एक कबाड़ी के मकान में किराए से रह रहे थे।
सुनीता त्रिपाठी के घर मे भी यही अंदाज
गत वर्ष इसी अंदाज में विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित कालोनी में सुनीता त्रिपाठी के मकान में चोरी हुई थी। त्रिपाठी परिवार कटनी गया हुआ था। दोपहर में ही अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोडक़र 40 लाख कीमती सोने चांदी के गहने और नगदी पार किया था, जिसका खुलासा अब तक नही हो पाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button