छात्राओं से दुर्व्यवहार मामले में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

जबलपुर। शहर के राइट टाउन स्थित जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित कन्या छात्रावास में छात्राओं के साथ हुए दुर्व्यवहार और मामले को दबाने की कोशिशों के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास अधीक्षिका द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। गंभीर बात यह है कि जब छात्राओं ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की, तो उन्हें सुरक्षा देने के बजाय जांच टीम द्वारा ही मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया गया और शिकायत वापस न लेने पर छात्रावास से निष्कासन की धमकी दी गई। एनएसयूआई ने शासन को चेतावनी दी है कि छात्राओं के चरित्र पर टिप्पणी और प्रशासनिक संवेदनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने दोषी अधीक्षिका, संबंधित सहायक आयुक्त और जांच दल के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित छात्राओं को पूर्ण संरक्षण प्रदान करने की मांग की है। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव करन तामसेतवार सहित भारी संख्या में छात्र संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।







