मजदूरी को लेकर हत्या, साक्ष्य छिपाने जलाया शव, अंधे हत्याकांड का कुठला पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए एक जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड का मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा मामले का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके तहत पुलिस ने 3 अप्रैल को मजदूरी के पैसे मांगने के विवाद को लेकर युवक की निर्मम हत्या कर शव जलाने का प्रयास करने वाले आरोपी को 48 घण्टे में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। कुठला टीआई ने बताया कि 1 अप्रैल को ग्राम कन्हवारा निवासी कल्लूबाई कोल पिता मुन्ना कोल ने सूचना दी कि वह पिछले लगभग 20 वर्षों से रमेश लोधी उर्फ भल्लू दलाल निवासी कन्हवारा के खेत में मजदूरी एवं खेती का कार्य करती है। उसका बेटा छब्बू अपनी पत्नी के साथ उक्त खेत में रहकर मजदूरी कर रहा था। 31 मार्च की सुबह करीब 8-9 बजे मजदूरी को लेकर छब्बू एवं स्मेश लोधी के बीच विवाद हुआ। जिसमें रमेश लोधी ने छब्बू को जान से मारने की धमकी दी। विवाद के बाद छब्बू खेत से गांव चला गया तथा रात तक घर वापस नहीं लौटा। रात्रि में घर नहीं आने पर अगले दिन सुबह तलाश की गई तो मृतक की पत्नी ने खेत में देखा तो छब्बू खेत के पास मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर कुठला पुलिस मौके पर पहंचुी और देखा कि मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। आसपास खून फैला हुआ था तथा शरीर आंशिक रूप से जला हुआ था। रिपोर्ट एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर रमेश लोधी उर्फ भल्लू दलाल द्वारा ही छब्बू की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास करने का संदेह हुआ। घटना के पश्चात आरोपी अपने खेत एवं गांव से फरार हो गया। जिसके पश्चात हत्या कर साक्ष्य छुपाने की सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश करते हुए। आरोपी के बारे में सुराग जुटाये गए। रमेश लोधी और उसका बेटा गोविन्द उर्फ गोलू फरार थे, जिनकी तलाश की गई। पूछताछ पर गोलू लोधी ने छब्बू कोल की हत्या करना बताया। जिसके कथन अनुसार आकाश लोधी उर्फ गोलू पिता रमेश कुमार लोधी निवासी कन्हवारा से पूछताछ करने पर घटना घटित करना स्वीकार करते हुये बताया की गेहूं बांटने को लेकर उनका विवाद छब्बू कोल से हुआ। जिसके कारण ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी रमेश लोधी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।







