भोपालमध्य प्रदेश

बीएमएचआरसी में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ

बीएमएचआरसी में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ

भोपाल यश भारत । केंद्र सरकार के निर्देशानुसार भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर बीएमएचआरसी में 1 से 15 अप्रैल 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य संस्थान परिसर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के साथ कर्मचारियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बुधवार को स्वच्छता पखवाड़े के तहत भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीएमएचआरसी सहित परिषद के सभी अधीनस्थ संस्थानों के कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि पखवाड़े के दौरान संस्थान में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ई वेस्ट के सुरक्षित निपटान के लिए ई-वेस्ट प्रबंधन समिति गठित की गई है, जो विभिन्न विभागों से अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान कर उनका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि परिसर को पॉलीथीन मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और कर्मचारियों, मरीजों व आगंतुकों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए अंतर-विभागीय स्वच्छता प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर विशेषज्ञ व्याख्यान, संस्थान परिसर एवं आवासीय क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान और नर्सिंग छात्रों द्वारा सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य जांच शिविर, हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण, हाइजीन किट वितरण और योग सत्र भी आयोजित होंगे। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है जिसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है तभी स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button