स्टंटबाज़ों पर सख्ती ट्रैफिक सुधार के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बसंत कोल का अल्टीमेटम

स्टंटबाज़ों पर सख्ती ट्रैफिक सुधार के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बसंत कोल का अल्टीमेटम
भोपाल यश भारत । राजधानी की चरमराती ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ट्रैफिकअतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बसंत कोल ने सख्त रुख अपनाया है। ईद और नवरात्रि के बाद अब शहर में अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने की तैयारी है। बसंत कोल ने साफ किया है कि अब केवल चालान तक सीमित कार्रवाई नहीं होगी बल्कि गंभीर मामलों में जेल भेजने तक के कदम उठाए जाएंगे। सोशल मीडिया पर रील बनाने के नाम पर स्टंट करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ट्रिपलिंग और सड़क पर खतरनाक करतब दिखाने वाले युवाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। ऐसे वायरल वीडियो के आधार पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
शहर में ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बने ऑटो और ई रिक्शा चालकों पर भी अब नो टॉलरेंस नीति लागू की जाएगी। चौराहों और मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। चालकों को केवल निर्धारित पिक अप और ड्रॉप पॉइंट्स पर ही खड़ा होने की अनुमति होगी उल्लंघन करने पर वाहन जब्त किए जाएंगे।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर बसंत कोल ने जनता और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग महंगी गाड़ियां तो खरीद लेते हैं, लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं करते और सड़कों पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर में हाई टेक निगरानी प्रणाली भी लागू की जा रही है। अधिकांश चौराहों पर हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो नियम तोड़ने वालों को तुरंत कैप्चर करेंगे। खराब पड़े कैमरों को भी जल्द दुरुस्त किया जा रहा है जिससे ई चालान प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके।







