सड़कों से आवारा पशु हटाने की कार्रवाई जारी, 23 पशु कांजी हाउस भेजे

सड़कों से आवारा पशु हटाने की कार्रवाई जारी, 23 पशु कांजी हाउस भेजे
भोपाल, यश भारत । नगर निगम द्वारा सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजने की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के गोवर्धन परियोजना शाखा के अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 23 पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा, जबकि 2 घायल और बीमार पशुओं को पशु चिकित्सालय आसरा में भर्ती कराया गया। वहीं हाका पार्टी ने 15 पशुओं को सड़कों से हटाया।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत माता मंदिर, मैनिट, कोटरा, नेहरू नगर, भदभदा, साक्षी ढाबा, नीलबड़, लिंक रोड नंबर 1, 2, 3, विधानसभा, चार इमली, चूना भट्टी, कोलार रोड, दानिशकुंज, रतनपुर सड़क, बाणगंगा, न्यू मार्केट और शिवाजी नगर सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान स्वतंत्र रूप से घूम रहे पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया।
निगम की हाका पार्टी ने भी विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे 15 पशुओं को हटाया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिली।







