कर्मचारियों की सतर्कता से टली रेल दुर्घटनाएं

कर्मचारियों की सतर्कता से टली रेल दुर्घटनाएं
भोपाल, यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में रेलकर्मियों की सतर्कता और सूझबूझ से कई संभावित दुर्घटनाएं टल गईं। उत्कृष्ट कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने 7 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। फरवरी और मार्च के दौरान विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों ने समय रहते तकनीकी खामियों का पता लगाकर ट्रेनों को रोका और सुधार कार्य कराया। इनमें ब्रेक ब्लॉक जाम, हॉट एक्सल और धुआं निकलने जैसी घटनाएं शामिल रहीं। रेल प्रशासन ने इन कर्मचारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सजगता से ही सुरक्षित रेल संचालन संभव है।
बॉक्स
दिल्ली-हावड़ा कॉरिडोर पर कवच प्रणाली शुरू
भारतीय रेलवे ने दिल्ली-हावड़ा उच्च घनत्व कॉरिडोर के प्रयागराज-कानपुर खंड पर कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का संचालन शुरू कर दिया है। 190 किलोमीटर लंबे इस खंड पर अब ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और तेज गति से किया जा सकेगा। इस प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों को 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कवच प्रणाली मानवीय त्रुटि की स्थिति में स्वत: ब्रेक लगाकर दुर्घटनाओं को रोकने में सक्षम है। परीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की ट्रेनों और कोच संयोजनों का उपयोग किया गया। 20 हजार किलोमीटर से अधिक परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। यह स्वदेशी प्रणाली मेक इन इंडिया पहल के तहत विकसित की गई है और रेलवे सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान कर रही है।







