मध्य प्रदेशराज्य

नागौद–फुलवारी के बीच पहली बार दौड़ेगी ट्रेन, पन्ना के लिए ऐतिहासिक दिन

Table of Contents

यश भारत सतना/नागौद। मध्यप्रदेश के रेल विकास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। नागौद से फुलवारी के बीच कल पहली बार रेलवे ट्रैक पर इंजन/ट्रेन दौड़ाई जाएगी। इस ऐतिहासिक मौके से पहले आज रेलवे अधिकारियों की टीम ट्रैक, पुलों और अन्य निर्माण कार्यों का अंतिम निरीक्षण कर रही है, ताकि ट्रायल पूरी तरह सफल हो सके।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, सतना से नागौद तक का रेलखंड पहले ही तैयार हो चुका है, जहां पूर्व में 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया जा चुका है। अब नागौद से देवेंद्रनगर तक करीब 23 किलोमीटर लंबा ट्रैक भी अंतिम चरण में है।

जून 2026 तक सकरिया तक पहुंचाने का लक्ष्य

रेलवे विभाग ने इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाते हुए लक्ष्य रखा है कि जून 2026 तक ट्रेन सेवा को सकरिया तक शुरू कर दिया जाए। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन आसान हो जाएगा।

पन्ना में बनेगा हीरे के आकार का भव्य स्टेशन

पन्ना जिले के लिए यह परियोजना किसी सपने के साकार होने से कम नहीं है। यहां मुख्य रेलवे स्टेशन जनकपुर में बनाया जा रहा है, जिसका डिजाइन हीरे (डायमंड) के आकार का होगा। यह स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगा।

पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा पन्ना जिला

इस ट्रायल रन के साथ ही पन्ना जिला पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा रहा है। लंबे समय से रेल सुविधा से वंचित इस क्षेत्र के लोगों के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम

रेल सेवा शुरू होने से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। खासकर पन्ना के प्रसिद्ध हीरा उद्योग और पर्यटन स्थलों को देशभर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button