जर्जर दीवार गिरने से ग्रामीण की मौत, बरगी क्षेत्र में हादसे से हड़कंप
हादसे की जांच शुरू

जबलपुर,यशभारत। बरगी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जर्जर दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस के अनुसार बरगी बांध के समीप स्थित सिंचाई विभाग का पुराना कार्यालय भवन काफी समय से जर्जर हालत में था, जिसकी दीवारें लगातार कमजोर हो रही थीं। इसी परिसर में गिरी हुई दीवारों की ईंटें निकालने के लिए धनीराम झरिया अपने साथी ट्रैक्टर चालक छोटेलाल झरिया के साथ मौके पर पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि धनीराम ईंटें निकालकर ट्रैक्टर में भर रहा था, तभी अचानक पास की एक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।







