दक्षिण कोरिया के डेजॉन कारखाने में भीषण आग: 10 की मौत, कई गंभीर, बचाव कार्य जारी
सोडियम के कारण विस्फोट की आशंका

डेजॉन,एजेंसी। दक्षिण कोरिया के डेजॉन शहर में शनिवार को एक कार पार्ट्स निर्माण कारखाने में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और चार कर्मचारी अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 170 कर्मचारी मौजूद थे।
आग दोपहर करीब 1 बजे लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुल 59 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बचाव कार्य में मुश्किलें
दमकलकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इमारत के ढहने का खतरा और अंदर मौजूद लगभग 200 किलोग्राम सोडियम के कारण विस्फोट की आशंका बनी हुई है, जिससे राहत कार्य धीमा हो गया है।
जांच शुरू
अधिकारियों के अनुसार, इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल से कुछ शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य लापता कर्मचारियों की तलाश जारी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
राष्ट्रपति ने दिए निर्देश
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सभी संसाधनों के साथ बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
इस घटना के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। विशेषज्ञों ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि लापरवाही ऐसे हादसों का बड़ा कारण बनती है।







