भोपाल में कल बदला रहेगा ट्रैफिक, ईदगाह की ओर बसों का प्रवेश बंद

भोपाल में कल बदला रहेगा ट्रैफिक, ईदगाह की ओर बसों का प्रवेश बंद
भोपाल , यशभारत। राजधानी में कल 21 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों में होने वाली सामूहिक नमाज को देखते हुए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक डायवर्सन प्लान जारी किया है। शनिवार सुबह 06:00 बजे से नमाज संपन्न होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों और बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रमुख डायवर्सन और प्रतिबंधित मार्ग:
हलालपुर तक ही आएंगी बसें: इंदौर, उज्जैन और राजगढ़ (ब्यावरा) की ओर से आने वाली बसें लालघाटी से आगे नादरा बस स्टैंड की ओर नहीं जा सकेंगी। इन बसों का अंतिम स्टॉप हलालपुर बस स्टैंड रहेगा।
इन रास्तों पर रहेगा दबाव: भोपाल गेट से ईदगाह, गोलघर से परिबाजार और टीबी अस्पताल से ईदगाह की ओर जाने वाले मार्ग केवल नमाजियों और उनके वाहनों के लिए आरक्षित रहेंगे।
आम जनता के लिए वैकल्पिक मार्ग: रेतघाट से मोती मस्जिद और लालघाटी से इमामी गेट की ओर जाने वाले सामान्य वाहन और बीसीएलएल बसें वीआईपी रोड का उपयोग कर सकेंगी।
बस स्टैंड का रूट: नादरा बस स्टैंड से लालघाटी जाने वाली बसें जेपी नगर तिराहे से होकर बेस्ट प्राइस (करौंद) मार्ग का उपयोग करेंगी।
इन क्षेत्रों में भारी वाहनों पर रोक:
लालघाटी से रॉयल मार्केट, रॉयल मार्केट से मोती मस्जिद और रॉयल मार्केट से तीन मोहरा/नादरा बस स्टैंड की ओर सभी प्रकार की मध्यम और बड़ी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ईदगाह की ओर आने वाले सभी मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों पर भी रोक रहेगी।







