जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

पाटन संभाग में विद्युत विभाग टीम पर हमला: पूर्व सरपंच और परिजनों ने कनिष्ठ अभियंता दर्शिका डंभारे को दी जान से मारने की धमकी

जबलपुर यश भारत। पाटन एक वितरण केंद्र के अंतर्गत ग्राम कांटी में विद्युत विभाग की टीम पर जानलेवा हमला और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, टीम शासकीय कार्य के तहत बकाया बिजली बिलों की वसूली और शासन की महत्वपूर्ण ‘समाधान योजना’ की जानकारी देने के लिए गांव गई थी। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता दर्शिका डंभारे और उनके साथ गए लाइनमेन के साथ गांव के पूर्व सरपंच धन सिंह गौड़ और उनके परिजनों द्वारा इकट्ठा होकर बदतमीजी की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

विदित हो कि पूर्व सरपंच धन सिंह गौड़ का रिकॉर्ड बिजली बिल भुगतान के मामले में बहुत खराब रहा है और उन्होंने आज तक कभी भी बिजली बिल जमा नहीं किया है। वर्तमान में उनके घर का बिजली बिल 23,273 रुपए बकाया है। जब कनिष्ठ अभियंता दर्शिका डंभारे और उनकी टीम ने उन्हें समाधान योजना का लाभ लेने और बकाया राशि जमा करने के लिए कहा, तो धन सिंह भड़क गया। उसने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को इकट्ठा कर विद्युत विभाग की टीम के साथ अभद्रता की और उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। जैसे-तैसे पूरी टीम अपनी जान बचाकर गांव से बाहर निकली और सीधे पाटन थाने पहुँचकर धन सिंह गौड़ और उनके परिजनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाई।

विद्युत विभाग ने माननीय उपभोक्ताओं से बकाया राशि के भुगतान हेतु समाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही, शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाने और शासकीय सेवकों पर हमला करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है कि माननीय हाईकोर्ट द्वारा सकरा (कटंगी) के इसी तरह के एक मामले में आरोपी की पुनः जमानत खारिज कर दी गई है, जो इस बात का संकेत है कि ऐसे गंभीर अपराधों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button