पति की प्रताडऩा से तंग आकर पत्नी ने की आत्महत्या, जांच के बाद बहोरीबंद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

कटनी, यशभारत। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कूडऩ में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पति द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक और शारीरिक प्रताडऩा से तंग आकर 30 वर्षीय महिला ने जहर खाकर अपने जीवन को समाप्त कर लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कूडऩ निवासी 30 वर्षीय ललिता चौधरी का विवाह 33 वर्षीय वीरेंद्र चौधरी के साथ हुआ था। पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। ललिता के परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार वीरेंद्र अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर अपनी पत्नी को प्रताडि़त करता था। रोज-रोज के कलेश और प्रताडऩा से क्षुब्ध होकर 2 मार्च को दोपहर करीब 1.30 बजे ललिता ने अपने ही घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बहोरीबंद थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक चूड़ामणि पाण्डे ने मामले की जांच शुरू की। मृतिका के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि ललिता को आत्महत्या के लिए उकसाने में उसके पति की मुख्य भूमिका थी। पुलिस ने आरोपी पति वीरेंद्र चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत प्रकरण दर्ज किया।







