सीमेंट ट्रेलर की ठोकर से युवक की मौत, शाहनगर क्षेत्र के धामू मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन का कहर

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रजपाल यादव पिता कमल सिंह यादव लगभग 25 वर्ष निवासी ग्राम हड़ा थाना पवई सोमवार शाम करीब 7 बजे अपनी ससुराल ग्राम टीकरिया से मोटरसाइकिल के माध्यम से अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान धामु मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट ट्रेलर ट्रक ने उनकी मोटर साइकिल को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ब्रजपाल यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर लाया गया। जहां आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया पूरी की गई। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है। शाहनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में शामिल सीमेंट ट्रेलर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।







