सिंग्रामपुर। जिले के ग्राम अलोनी में एक अनोखी घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां एक गाय ने ऐसे बछड़े को जन्म दिया है जिसके केवल तीन पैर हैं और उसमें गुप्तांग भी नहीं है। इस असामान्य जन्म के कारण गांव में लोगों की भीड़ बछड़े को देखने के लिए उमड़ रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अलोनी निवासी राजू सिंह पिता प्रेम सिंह के घर शनिवार सुबह उनकी गाय ने बछड़े को जन्म दिया। जन्म के बाद जब ग्रामीणों ने बछड़े को देखा तो पता चला कि उसके तीन ही पैर हैं और गुप्तांग भी विकसित नहीं हुआ है।
ग्राम निवासी आशीष ठाकुर और सचिन ने बताया कि इस तरह का मामला गांव में पहली बार देखने को मिला है। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण बछड़े को देखने के लिए राजू सिंह के घर पहुंचने लगे।
हालांकि बछड़ा देखने में काफी सुंदर और स्वस्थ नजर आ रहा है, लेकिन एक पैर और गुप्तांग के अभाव के कारण उसके भविष्य को लेकर पशुपालक और ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पशु चिकित्सकों द्वारा इसकी जांच की जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल यह अनोखा बछड़ा पूरे गांव में चर्चा और कौतूहल का विषय बना हुआ है।
Back to top button