सड़क पर पार्किंग बर्दाश्त नहीं, बेसमेंट खाली कर पार्किंग की व्यवस्था करें, नहीं तो होगी कार्रवाई — निगम आयुक्त
जबलपुर, यश भारत।

जबलपुर, यश भारत। शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में सड़क पर हो रही अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट कहा है कि जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नक्शे में बेसमेंट पार्किंग के लिए स्वीकृत है, उन्हें उसी स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। सड़क पर वाहनों की पार्किंग कर यातायात बाधित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने बताया कि हाल ही में निगम की टीम को सिविक सेंटर और अन्य स्थानों पर निरीक्षण के लिए भेजा गया था। जांच में सामने आया कि कई प्रतिष्ठानों की पार्किंग व्यवस्था बेसमेंट में होने के बावजूद वाहन सड़क पर खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित संचालकों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि वे अपनी पार्किंग व्यवस्था अंदर करें, अन्यथा निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कुछ प्रतिष्ठानों ने इस निर्देश के बाद अपनी व्यवस्था सुधारते हुए सुरक्षा गार्ड भी तैनात कर दिए हैं, ताकि वाहन सड़क पर खड़े न हों। निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में सड़क पर पार्किंग पाई गई तो संबंधित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की टीम ने जयंती कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में भी निरीक्षण किया है। यहां भी कई स्थानों पर बेसमेंट में दुकानों का संचालन और सड़क पर पार्किंग की स्थिति सामने आई है। आयुक्त ने कहा कि बेसमेंट में दुकानें संचालित करना नियमों का उल्लंघन है और इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में दस्तावेज मांगे गए हैं और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि जो भी व्यवसाय संचालित कर रहा है, उसे अपनी पार्किंग व्यवस्था स्वयं सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए निजी सुरक्षा कर्मी, बैरियर गेट या अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकती हैं, लेकिन सड़क पर पार्किंग कर आम लोगों को परेशानी में डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सिविक सेंटर, जयंती कॉम्प्लेक्स सहित कई स्थानों पर रात के समय सड़कें पार्किंग के कारण पूरी तरह जाम जैसी स्थिति में पहुंच जाती हैं, जिससे आम नागरिक, स्कूल बसें और अन्य वाहन चालक परेशान होते हैं। नगर निगम का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना है और इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी एक व्यक्ति या संस्थान के खिलाफ नहीं है। शहर में जहां भी पार्किंग नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां संबंधित लोगों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।







