देर रात यादव कॉलोनी चौकी के बाजू से चौराहे पर जमकर जूतम-पैजार, शराबियों का हंगामा; पुलिस से भी हुई झूमा झपटी

जबलपुर। शहर के यादव कॉलोनी चौकी के पास स्थित होटल सिटी एरा में बीती रात करीब 2 बजे शराब के नशे में युवकों और होटल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते जूतम-पैजार में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होटल से निकलकर सड़क तक पहुंच गई और इलाके में देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
टॉयलेट जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार एक युवती होटल में टॉयलेट करने के लिए अंदर चली गई थी, जिसे होटल कर्मचारियों ने रोकते हुए उससे कार्ड या अनुमति दिखाने की बात कही। इसी बात को लेकर युवती और कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में युवती के साथ मौजूद युवक भी वहां पहुंच गए और उन्होंने होटल कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर युवक को पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले और एक युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद युवतियों के साथ भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस से भी हुई झूमा झपटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नशे में धुत युवक पुलिसकर्मियों से भी बहस करने लगे और झूमा झपटी की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए तीन थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

पहचान कर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हंगामा और मारपीट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







