कटनी

सडक़ हादसे में घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया उमरियापान पुलिस ने, बचाई जान, ट्रैक्टर जब्त

कटनी, यशभारत। उमरियापान पुलिस ने सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को जब्त करते हुए वैधानिक कार्रवाई की है। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि कल दोपहर करीब साढ़े 3 बजे उमरियापान थाने व डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बम्हनी उमरियापान ढीमरखेड़ा मेन रोड पर प्रेम ढाबा के पास एक ट्रैक्टर चालक ने एक मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी है। सूचना मिलते ही उमरियापान पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सडक़ पर पड़े हुए थे और उनके पास क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल पड़ी थी। घायलों की पहचान शिवम बर्मन उम्र 35 साल और किशन कुमार कोल उम्र 32 वर्ष दोनों निवासी डोली मोहल्ला उमरियापान के रूप में हुई। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तनिक भी विलंब नहीं किया और उन्हें तुरंत डायल 112 वाहन की मदद से शासकीय अस्पताल उमरियापान पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस की इस तत्परता से दोनों युवकों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। घायलों और घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों से पूछताछ में पता चला कि टक्कर एक नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर द्वारा मारी गई थी। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से आरोपी ट्रैक्टर की तलाश और पतासाजी शुरू की। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को खोज निकाला। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित खड़ा कर दिया है और ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी महेन्द्र जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद मंगोरे, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, योगेंद्र सिंह, आशीष झारिया, अजय सिंह, आरक्षक मोहन और डायल 112 चालक इन्द्राज पौराणिक की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button