भोपालमध्य प्रदेश

शादी वाले घर में शहनाई की जगह गूंजा पुलिस का सायरन: हल्दी की रस्म के बाद दूल्हा गिरफ्तार

शादी वाले घर में शहनाई की जगह गूंजा पुलिस का सायरन: हल्दी की रस्म के बाद दूल्हा गिरफ्तार

भोपाल के गांधी नगर में हाईवोल्टेज ड्रामा; हनीट्रैप और 8 लाख की ब्लैकमेलिंग के आरोप में चढ़ा पुलिस के हत्थे

भोपाल, यश भारत। राजधानी के गांधी नगर इलाके में बीती रात एक शादी का जश्न उस वक्त मातम और सन्नाटे में बदल गया, जब हल्दी की रस्म निभा रहे दूल्हे को पुलिस ने संगीत शुरू होने से पहले ही उठा लिया। मामला महज किसी विवाद का नहीं, बल्कि 8 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप के गंभीर जाल से जुड़ा है।

फिल्मी स्टाइल में दबिश: 3 थानों की पुलिस, 25 जवान
कोहेफिजा पुलिस ने शाहजहानाबाद और टीलाजमालपुरा पुलिस के साथ मिलकर इस गुप्त ऑपरेशन को अंजाम दिया। जब घर में मेहमान नाच-गाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक बिना किसी शोर-शराबे के पुलिस की 5 गाड़ियां घर के बाहर रुकीं। करीब 25 से 30 पुलिसकर्मी घर में दाखिल हुए और दूल्हे सहित उसके 5 साथियों को हिरासत में ले लिया।

क्या था पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दूल्हा और उसके साथी एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहे थे। उन्होंने एक युवती के जरिए एक व्यक्ति को जाल में फंसाया। पीड़ित के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो तैयार किए। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की मोटी रकम वसूली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाया और मास्टरमाइंड समेत पूरी मंडली को दबोच लिया।

थाने के बाहर बैठी रही दुल्हन, पर कानून नहीं पसीजा
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जिस युवती से शादी होने वाली थी, वह रात भर थाने की चौखट पर बैठी रही। दुल्हन ने पुलिस अधिकारियों से अपने होने वाले पति को छोड़ने की मिन्नतें की, लेकिन पुलिस ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए साफ इनकार कर दिया। गिरफ्तारी तब हुई जब मास्टरमाइंड ने दूल्हे का नाम उगला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button