
अधारताल–देवरी के बीच ओएचई लाइन टूटी
कई ट्रेनें प्रभावित, सुधार के बाद यातायात बहाल
जबलपुर यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत अधारताल और देवरी स्टेशन के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन टूटने से रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद लाइन को सुधारकर रेल यातायात दोबारा सुचारु कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधारताल–देवरी सेक्शन में अप लाइन में अचानक ओएचई लाइन टूट जाने से इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इससे कुछ गाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चलीं और यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे के विद्युत विभाग और इंजीनियरिंग टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मरम्मत कार्य शुरू किया।
रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन को ठीक किया जा रहा है जिसके बाद ट्रेनों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है।रेलवे प्रशासन ने बताया कि घटना के कारण कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन तकनीकी टीम की तत्परता से जल्द ही स्थिति सामान्य कर ली गई। फिलहाल सभी ट्रेनें सावधानीपूर्वक अपने गंतव्य की ओर रवाना की जा रही हैं।







