मध्य प्रदेश

बम्होरी में बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या, घर में मिले शव; गांव में दहशत

धारदार हथियार से गले व पेट पर किए कई वार, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

नरसिंहपुर। जिले के बम्होरी गांव में सोमवार दोपहर एक बुजुर्ग दंपती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दंपती के शव उनके ही घर में संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे दोहरी हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय छुट्टू चौधरी और उनकी 60 वर्षीय पत्नी खेरा बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर दोनों के शव घर के अंदर पड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने बुजुर्ग दंपती पर धारदार हथियार से हमला किया। हमलावरों ने उनके गले और पेट पर कई वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि मामले की जांच हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। घटनास्थल की घेराबंदी कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और मृतकों के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे के कारण और आरोपियों का पता लगाया जा सके।

गांव में फैली दहशत

दिनदहाड़े घर के अंदर हुई इस दोहरी हत्या से बम्होरी गांव में दहशत का माहौल है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button