देश

कोसी में डूबे तीन किशोर, नहाने गए छह दोस्तों में मचा हड़कंप

त्रिमुहान घाट पर हुआ हादसा, SDRF व गोताखोरों ने निकाले शव

भागलपुर। जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने गए छह दोस्तों में से तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियो (महेशपुर) गांव के छह दोस्त कोसी नदी के त्रिमुहान घाट पर नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक तीन किशोरों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों देखते ही देखते पानी में समा गए।

हादसे के बाद साथ गए तीन अन्य किशोर घबराकर गांव पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद शाम करीब पांच बजे तीनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान लक्ष्मण कुमार (13) पिता कैप्टन यादव, युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14) पिता पिंटू यादव और नयन कुमार (12) पिता शंकर शर्मा निवासी हरियो (महेशपुर) गांव के रूप में हुई है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button