कटनी

सफेद पोशाक में काला खेल, युवा कांग्रेस नेता की कार से अवैध शराब बरामद, जांच में जुटी पुलिस

ेकटनी/पन्ना, यशभारत। जिले में अवैध शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को युवा कांग्रेस नेता बताने वाले एक युवक की कार से पुलिस ने अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रैपुरा तहसील के ग्राम बडखेरा निवासी अजय पाल सिंह लोधी बलेनो कार से अवैध शराब का परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान मोहिंद्रा चौकी पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी अपनी कार खेत में छोडक़र मौके से फरार हो गया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफेद पोशाक पहनकर और महंगी गाडिय़ों में घूमने वाले इस कथित युवा नेता की चमक-दमक के पीछे अवैध कारोबार का काला सच छिपा हुआ था।
वहीं आरोपी अजय पाल सिंह लोधी ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया है कि बीती रात कुछ लोग उसका पीछा कर रहे थे। जान बचाने के लिए वह कार खेत में छोडक़र भाग गया। उसका कहना है कि उसकी गाड़ी में अवैध शराब कैसे आईए इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button