मध्य प्रदेश

पेपर देने निकले भाई-बहन की बेरहमी से हत्या: जमीन विवाद में चाचा ने बेटे संग डंडों से पीटकर ली जान

आरोपियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

सीहोर,यशभारत। सीहोर जिले में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। परीक्षा देने घर से निकले भाई-बहन की उनके ही चाचा ने बेटे के साथ मिलकर डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार वारदात शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे सिद्दीकगंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के धारमपुरा गांव में हुई। मृतकों की पहचान शीतल मालवीय (20) और उसके छोटे भाई कुलदीप मालवीय (19) के रूप में हुई है। दोनों सुबह घर से परीक्षा देने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में उनके चाचा हरिसिंह मालवीय और चचेरे भाई ने उन्हें रोक लिया।

विवाद के बाद हमला

बताया जा रहा है कि पैतृक जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर रास्ते में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि चाचा और उसके बेटे ने दोनों पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल होकर शीतल और कुलदीप सड़क पर ही गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

मामले की पुष्टि करते हुए दीपक शुक्ला ने बताया कि आरोपी हरिसिंह मालवीय और मृतकों के पिता जगदीश मालवीय के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हरिसिंह मालवीय और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है।

गांव में तनाव का माहौल

दोहरी हत्या की इस घटना के बाद धारमपुरा गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, परिवार में गहरा शोक और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button