मध्य प्रदेशराज्य

अपराधियों का गढ़ : पुलिस का ख़ौफ़ खत्म, महिला पार्षद के घर तलवारों से तांडव, कांग्रेस ने घेरा मोतीनगर थाना

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ बुंदेलखंड के सागर जिले में कानून व्यवस्था के परखच्चे उड़ रहे हैं और अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। ताजा मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ सोमवार रात्रि करीब 9:30 बजे, जब पूरा मोहल्ला होलिका दहन की खुशियों में डूबा था, तभी आधा दर्जन बदमाशों ने केशवगंज वार्ड की महिला पार्षद श्रीमती नीलोफर चमन अंसारी के घर पर धावा बोल दिया। हाथ में नंगी तलवारें और धारदार हथियार लहराते बदमाशों की यह करतूत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पार्षद प्रतिनिधि चमन अंसारी और परिजनों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाले ये बदमाश हाल ही में जेल से छूटकर आए थे और पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से हमला किया। गनीमत रही कि घर का मुख्य गेट बंद था, वरना बड़ी अनहोनी घट सकती थी।

इस दुस्साहसिक घटना से आक्रोशित होकर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव (बब्बू) के आव्हान पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों और सैकड़ों कांग्रेसियों ने मोतीनगर थाने का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव ने पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सागर में अब जंगलराज कायम हो चुका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनता द्वारा चुनी गई महिला पार्षद ही अपने घर के बाहर सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक की सुरक्षा की उम्मीद किससे की जाए? उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधियों को राजनैतिक संरक्षण मिलना बंद होना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेगी।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सागर अब अपराधियों का सुरक्षित गढ़ बन चुका है। रात के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेराह हथियार लहराना पुलिस गश्त की पोल खोलता है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने ज्ञापन का वाचन करते हुए तल्ख शब्दों में पुलिस को चेतावनी दी और 24 घंटे के भीतर सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि जेल से छूटते ही अपराधियों का दोबारा हमला करना यह बताता है कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं बचा है। 

प्रदर्शन और घेराव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज मौजूद रही। इस अवसर पर पूर्व शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी, अमित रामजी दुबे, मुकुल पुरोहित, संगठन महामंत्री रामकुमार पचौरी, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, पार्षद ताहिर खान, शिवशंकर यादव, पार्षद अशोक साहू चकिया, पार्षद रोशनी खान, पार्षद रिचा सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे, नरेंद्र मिश्रा, दीनदयाल तिवारी, चक्रेश सिंघई, राहुल चौबे, संजय मोंटी यादव, सुनील पावा, शैलेन्द्र तोमर, आनंद हेला, आदिल राईन, राकेश राय, साजिद राईन, अवधेश तोमर, रमाकांत यादव, ऋषभ जैन, प्रेम नारायण विश्वकर्मा, महेश अहिरवार, भैयन पटेल, लीलाधर सूर्यवंशी, नरेश वाल्मीकि, गोपाल प्रजापति, अरबाज राइन और गुलजार राइन अनिल दक्ष समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस जनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने ‘यश भारत’ के संभागीय ब्यूरो को बताया कि घटना में चार आरोपियों को नामजद किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी शिनाख्त कर ली गई है, जिनमें से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल, कांग्रेस द्वारा दिए गए 24 घंटे के अल्टीमेटम के बाद पुलिस पर जल्द कार्रवाई का भारी दबाव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button