महिला पर दुकानों के सामने मांस फेंकने का आरोप, थाने पहुँचा मामला

महिला पर दुकानों के सामने मांस फेंकने का आरोप, थाने पहुँचा मामला
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने शहर के व्यस्ततम लोहा बाजार और लखेरा बाजार क्षेत्र में गुरुवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब व्यापारियों ने एक बुर्का पहनी महिला को दुकानों और धार्मिक स्थलों के समीप कथित तौर पर मांस के टुकड़े डालते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने कोतवाली थाने का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कुत्तों को खाना खिलाने का तर्क, व्यापारियों का आक्रोश
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, महिला दोपहिया वाहन से आई थी। व्यापारियों ने जब उसे रोका, तो उसके हाथों के दस्तानों पर खून के धब्बे दिखाई दिए। पूछताछ के दौरान महिला ने खुद को एक सामाजिक संस्था से जुड़ा बताया और तर्क दिया कि वह क्षेत्र के आवारा कुत्तों को भोजन कराने आई थी। हालांकि, व्यापारियों का आरोप है कि पिछले एक-दो महीनों से मंदिर और दुकानों के आसपास लगातार मांस के टुकड़े फेंके जा रहे थे, जिससे न केवल अस्वच्छता फैल रही थी, बल्कि धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही थीं।
मंदिरों के समीप घटना से नाराजगी
घटनास्थल के पास ही प्रसिद्ध जैन मंदिर और शिव मंदिर स्थित हैं, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह कृत्य क्षेत्र की शांति भंग करने की कोशिश हो सकता है। व्यापारियों का दावा है कि महिला को पहले भी टोका गया था, लेकिन उसने अपनी गतिविधि बंद नहीं की।
इनका कहना है…
दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। महिला ने पशु सेवा का तर्क दिया है, जबकि व्यापारियों ने इसे धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला कृत्य बताया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह







