रेंजर के सूने घर में लाखों की चोरी; नकदी और सोना ले उड़े चोर

रेंजर के सूने घर में लाखों की चोरी; नकदी और सोना ले उड़े चोर
निशातपुरा क्षेत्र की नाइस स्पेस कॉलोनी में वारदात, अस्पताल में भर्ती थे वन विभाग के रेंजर, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र के बदवई स्थित नाइस स्पेस कॉलोनी में चोरों ने वन विभाग के रेंजर के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में जेवरात पार कर दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित परिवार उस वक्त अस्पताल में रेंजर के ऑपरेशन की तैयारियों में जुटा था।
जानकारी के अनुसार, नाइस स्पेस कॉलोनी के जी-ब्लॉक (फ्लैट 104) में वन विभाग के रेंजर शोएब अपनी पत्नी सबाहा फातिमा के साथ रहते हैं। दो दिन पहले एक सड़क हादसे में शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जब पूरा परिवार अस्पताल में उनके ऑपरेशन में व्यस्त था, तभी अज्ञात बदमाशों ने सूने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया।
ज़कात का सोना और स्कूल की नकदी पर साफ किया हाथ
पीड़ित सबाहा फातिमा, जो एक स्कूल का संचालन भी करती हैं, दोपहर करीब 3 बजे अस्पताल के खर्च और स्कूल के भुगतान के लिए नकदी लेने घर पहुँची थीं। घर का दरवाजा खुला देख उनके होश उड़ गए। अंदर अलमारी के लॉकर टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी में रखे 5 लाख रुपये नकद (अस्पताल और स्कूल भुगतान के लिए रखे गए थे। 15 तोला सोना और 1 किलो चांदी चोरी कर ली।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ज़ोन-4 मयूर खंडेलवाल ने तत्काल संज्ञान लिया है। निशातपुरा टीआई और एसीपी की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने रेकी के बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया है, क्योंकि उन्हें परिवार के अस्पताल में होने की सटीक जानकारी थी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीसीपी ज़ोन-4 – मयूर खंडेलवाल







