जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

शेयर में निवेश के नाम पर ठगी करनेवाले चार आरोपी गिरफ्तार

22.70 लाख रुपये की ठगी

शेयर में निवेश के नाम पर ठगी करनेवाले चार आरोपी गिरफ्तार

मुंबई, यशभारत।मुंबई शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से ठगी करनेवाले चार आरोपियों को पश्चिम साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन बोडके, आकाश गणपत डोंगरे, सचिन हनुमान लोभे और भरत कृष्णराज यादव के रूप में हुई है। इन पर साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर धोखाधड़ी में सहयोग करने का आरोप है। सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

कैसे हुई ठगी

शिकायतकर्ता अंधेरी निवासी हैं और कपड़ों की इस्त्री का व्यवसाय करते हैं। अगस्त 2025 में उन्हें एक महिला का फोन आया, जिसने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर अच्छा लाभ मिलने का लालच दिया। उसके कहने पर उन्होंने लगभग 6 लाख रुपये निवेश किए, लेकिन भारी नुकसान हुआ।
नुकसान की भरपाई का भरोसा देकर महिला और उसके साथियों ने उन्हें दूसरी योजना में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आरोपियों ने उनके जेरोधा खाते का यूजरनेम, पासवर्ड और ऐप कोड लेकर खाते का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।

22.70 लाख रुपये की ठगी

18 अगस्त से 30 अक्टूबर, 2025 के बीच शिकायतकर्ता ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कुल 22,70,740 रुपये आरोपियों को दिए। बाद में न तो मूल राशि लौटाई गई और न ही कोई लाभ दिया गया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने ‘रिया’, ‘विजय’ और ‘रोहन’ नाम बताने वाले तीन साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

बैंक खातों के जरिए ठगी का जाल

जांच में सामने आया कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई थी, वे खाते इन गिरफ्तार आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। तकनीकी जांच के आधार पर पिछले तीन महीनों से वांछित इन चारों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मुख्य साइबर ठगों के संपर्क में थे और ठगी की रकम अपने खातों में प्राप्त कर आगे ट्रांसफर करते थे। इसके बदले उन्हें तय कमीशन मिलता था।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button