भोपालमध्य प्रदेश

स्कार्पियो से मोबाइल लूटने वाला गैंग धराया

स्कार्पियो से मोबाइल लूटने वाला गैंग धराया

100 सीसीटीवी खंगालने के बाद दबोचे गए आरोपी, 1.5 लाख के मोबाइल और लग्जरी गाड़ी जब्त

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके दानापानी रोड पर कार रोककर मोबाइल झपटमारी करने वाले स्कार्पियो सवार बदमाशों को हबीबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक युवक और एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) शामिल है। आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि वे केवल मौज-मस्ती और जल्दी पैसा कमाने की चाहत में वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके पास से डेढ़ लाख रुपये कीमत के आईफोन सहित वारदात में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो भी बरामद की है।
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 6 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे फरियादी पीयूष मालवीय अपनी औरा (रेपिडो) कार से सवारी छोड़कर लौट रहे थे। तभी दानापानी रोड पर शालीमार के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोका। स्कार्पियो में सवार दो युवकों ने पीयूष के हाथ से मोबाइल झपट लिए और मौके से फरार हो गए। हबीबगंज पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया था।
​100 कैमरों ने खोला राज
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर भागने वाले रास्तों तक के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस शाहपुरा रेलवे कॉलोनी के पास पहुंची, जहां संदिग्ध स्कार्पियो खड़ी मिली। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी अर्जुन कुमार शर्मा (25) और उसके नाबालिग साथी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में घूमने (तफरी) निकले थे। इसी दौरान उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के लिए लूट की योजना बनाई और अकेले जा रहे कार चालक को निशाना बनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button