पनागर हत्याकांड का पर्दाफाश: दुष्कर्म के बाद महिला की गला दबाकर हत्या
नहर के पास मिला था महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में

जबलपुर,यशभारत। पनागर थाना क्षेत्र में महिला की अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के अनुसार 12 जनवरी को ग्राम मुड़िया की नहर के पास एक अज्ञात महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था। मृतका की पहचान सुलोचना धुर्वे (30) निवासी ग्राम हाड़ापानी थाना कुण्डम के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह 10 जनवरी की शाम पनागर बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में मृतका को लाल जैकेट पहने एक युवक के साथ बाजार में घूमते और फिर ऑटो से ग्राम नयागांव की ओर जाते देखा गया।
जांच के दौरान हरि उर्फ मुकेश परस्ते (33) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि वह अपने साथी मोनू उर्फ महेश मार्को के साथ मृतका को खेत के पम्प हाउस में ले गया था। वहां शराब पार्टी के दौरान दोनों ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मृतका द्वारा विरोध और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपियों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को मुड़िया की सूखी नहर में फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए उसके कपड़े और बैग जला दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चूड़ी के टुकड़े, जले बैग के अवशेष, राख, लाल जैकेट और मोबाइल जब्त किए हैं। हरि उर्फ मुकेश को 13 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दूसरा आरोपी मोनू उर्फ महेश मार्को पुलिस हिरासत में लाए जाने के दौरान कथित रूप से कीटनाशक पी लेने से बीमार हो गया, जिसे पहले सीएचसी पनागर और बाद में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य है।







