भोपालमध्य प्रदेश

महिला को नकली नोटों का लालच देकर जालसाजों ने जेवरात ठगे

महिला को नकली नोटों का लालच देकर जालसाजों ने जेवरात ठगे

भोपाल, यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद थाना इलाके में नकली नोटों की गड्डी थमाकर एक महिला से जेवरात धाकाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, केशरबाई यादव (55) बरखेड़ी जहांगीराबाद निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। बीते शुक्रवार को वह न्यू मार्केट स्थित बैंक में पासबुक की एंट्री कराने गई थीं। काम निपटाने के बाद वह बस से लिली टाकीज तिराहे पर उतरीं और पैदल घर जाने लगीं। इसी दौरान रशीदिया स्कूल रोड पर दो युवक उनसे मिले।

युवकों ने खुद को मददगार बताते हुए केशरबाई से कहा कि वह थक गई होंगी, इसलिए कुछ देर बैठ जाएं, वे उन्हें पानी पिलाते हैं। उनकी बातों में आकर महिला पास ही एक मकान के चबूतरे पर बैठ गई। इसी बीच आरोपियों ने एक लाख रुपये की नकली नोटों की गड्डी देते हुए कहा कि इसे थैले में संभालकर रख लें, वे नाश्ता लेकर आते हैं। साथ ही इलाके में लूटपाट का डर दिखाकर महिला से गहने भी उतारकर थैले में रखने को कहा।

आरोपियों की बातों में आकर केशरबाई ने अपना मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और चांदी की चेन उतारकर उन्हें दे दिए। युवकों ने जेवरात एक पोटली में बांधकर महिला के थैले में रख दिए और नाश्ता लाने की बात कहकर वहां से चले गए। काफी देर इंतजार के बाद जब दोनों युवक वापस नहीं लौटे, तो केशरबाई ने थैला खोलकर देखा। पोटली के अंदर पत्थर बंधा मिला, जबकि नोटों की गड्डी में सिर्फ कागज की कतरनें थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही महिला घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने पहले आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रविवार को जहांगीराबाद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
जहांगीराबाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और बताए गए हुलिए के आधार पर जालसाजों की तलाश कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button