मंदिर में रखी भभूत समझ कर 12वीं की छात्रा ने खाई चूहा मार दवा, मौत

मंदिर में रखी भभूत समझ कर 12वीं की छात्रा ने खाई चूहा मार दवा, मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक छोटी सी लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। लांबाखेड़ा में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा वैष्णवी सेन की चूहा मार दवा खाने से मौत हो गई। विडंबना यह रही कि जिस मंदिर में वह सुख-समृद्धि की प्रार्थना करने गई थी, वहीं रखी मौत की खुराक को वह ‘भभूत’ समझ बैठी।
पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी को वैष्णवी की मां ने घर के मंदिर में चूहों के आतंक से निजात पाने के लिए पाउडर वाली चूहा मार दवा छिड़क दी थी। कुछ देर बाद वैष्णवी पूजा करने पहुँची। मंदिर में सफेद पाउडर देख उसे लगा कि यह हवन की भभूत है और उसने उसे माथे पर लगाने के साथ ही ग्रहण भी कर लिया।
इलाज में भूल और लापरवाही के आरोप
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत भानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। चौंकाने वाली बात यह है कि अस्पताल ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। घर पहुँचते ही वैष्णवी की स्थिति फिर बिगड़ी, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। वहां सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।







