तेज रफ्तार एक्टिवा से टकराया बारहसिंगा, मौके पर मौत; दंपति गंभीर घायल
जीसीएफ के पास दर्दनाक हादसा

जबलपुर,यशभारत। जीसीएफ फैक्ट्री स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहा एक बारहसिंगा तेज रफ्तार से आ रही एक्टिवा से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बारहसिंगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक्टिवा सवार दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दंपति रांझी से जबलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल की पहाड़ी से सटे क्षेत्र से एक बारहसिंगा, जिसे कुछ श्वानों ने खदेड़ दिया था, घबराकर सड़क की ओर दौड़ा और सीधे एक्टिवा से टकरा गया। हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने जीसीएफ सुरक्षा विभाग, नगर निगम और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायल दंपति को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल बुजुर्ग की पहचान कटंगी निवासी लोकेश ध्यानी के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहे थे।
फैक्ट्री के सुरक्षा अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर जंगली जानवरों का सड़क पर आ जाना आम बात है। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सड़क के दोनों ओर जालियां लगाई गई हैं, इसके बावजूद जंगल से जानवर निकलकर सड़क तक पहुंच जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। मृत बारहसिंगा को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जंगल से सटे क्षेत्र में मजबूत फेंसिंग कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन ने वाहन चालकों से अपील की है कि इस मार्ग पर वाहन धीमी गति से चलाएं, जिससे मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।







