लाल परेड मैदान पर गूंजा जन-गण-मन, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया ध्वजारोहण

लाल परेड मैदान पर गूंजा जन-गण-मन, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया ध्वजारोहण
भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल में आज 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह लाल परेड मैदान पर आयोजित हुआ, जहाँ राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद हर्ष फायर के साथ आसमान गूंज उठा और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई।
परेड में दिखा शौर्य और अनुशासन
राज्यपाल ने खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस बार की परेड में अनुशासन और विविधता का संगम देखने को मिला। हॉकफोर्स, एसटीएफ और सीआरपीएफ जैसी 23 टुकड़ियों ने कदमताल किया। पहली बार परेड में शामिल श्वान दस्ते और अश्वारोही दल के प्रदर्शन ने जनता का दिल जीत लिया। एनसीसी और राष्ट्रीय सेवा योजना के कैडेट्स ने भविष्य के सशक्त भारत की तस्वीर पेश की।
झांकियों के जरिए विकसित मध्य प्रदेश का रोडमैप
परेड के बाद मैदान पर विभिन्न विभागों की 22 भव्य झांकियां निकाली गईं। इन झांकियों ने प्रदेश की बदलती तस्वीर को बयां किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी में ‘लाड़ली बहनों’ की आत्मनिर्भरता को प्रमुखता दी गई। जनजातीय कार्य और पर्यटन विभाग की झांकियों में एमपी के ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य का प्रदर्शन किया गया। आयुष और उच्च शिक्षा विभाग ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय को दिखाया।
मुख्यमंत्री और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और हज़ारों की संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। राज्यपाल ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की प्रगति की सराहना की। कार्यक्रम का समापन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।







