पुराने शहर के बाजारों में चली अतिक्रमण हटाओ मुहिम

पुराने शहर के बाजारों में चली अतिक्रमण हटाओ मुहिम
– 4 ट्रक सामान जब्त, अतिक्रमणकारियों को मिली हिदायत
भोपाल, यशभारत। पुराने शहर के व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। लगातार चौथे दिन निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सख्त कार्रवाई करते हुए सडक़, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए और करीब चार ट्रक सामान जब्त किया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाजारों में सुचारु यातायात, पैदल चलने वालों की सुरक्षा और आम नागरिकों को हो रही परेशानी से राहत दिलाना रहा।
नगर निगम द्वारा यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के तहत की जा रही है। पुराने शहर के आजाद मार्केट, जुमेराती, मारवाड़ी रोड, कोतवाली रोड और मंगलवारा जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में दुकानदारों द्वारा ठेले, काउंटर, टेबल, कुर्सी, जाली, बोर्ड और अन्य सामान सडक़ व फुटपाथ पर रखकर अतिक्रमण कर लिया गया था। इससे न केवल पैदल राहगीरों को चलने में दिक्कत हो रही थी, बल्कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी लगातार जाम की स्थिति बन रही थी।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से रखे गए सामान को हटाया और चार ट्रक भरकर जब्त किया। निगम अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बाजार क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को निकलने में भी परेशानी होती है। इसके अलावा दुकानों के बाहर फैले अतिक्रमण से गंदगी बढ़ती है और शहर की छवि भी खराब होती है।
पुराने शहर के अलावा निगम अमले ने शहर के अन्य हिस्सों में भी व्यापक कार्रवाई की। कोलार सिग्नेचर-99, 11 मील होशंगाबाद रोड, एम्स गेट नंबर-02, एम्स मेट्रो ब्रिज के नीचे, अवधपुरी खंबा चौराहा, खजूरी रोड पिपलिया गांव, साकेत नगर बीडीए कॉम्प्लेक्स, डीबी मॉल, एमपी नगर जोन-01 व 02, 1100 क्वार्टर्स, माता मंदिर, सेकेंड स्टॉप, मैनिट चौराहा और गांधी नगर सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाए गए। इन स्थानों पर दुकानों के बाहर रखा गया सामान, फुटपाथों पर लगी सब्जी की दुकानें, आवागमन में बाधक चारपहिया वाहन, भवन निर्माण सामग्री और बड़ी संख्या में ठेले-गुमठियां हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान निगम ने 23 ठेले, एक गुमठी, तीन काउंटर, 12 टेबल, दो स्टूल, तीन बेंच, दो स्टील की टंकियां, तीन जालियां, एक इलेक्ट्रिक कांटा, एक फ्रेम, एक एग्जॉस्ट फैन के अलावा गमले, मटके और अन्य सामग्री जब्त की।
निगम अधिकारियों ने साफ किया है कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं, ताकि कार्रवाई की नौबत न आए और शहर में यातायात व्यवस्था व जनसुविधाएं बेहतर बनाई जा सकें।







